शिलचर, 30 अगस्त। शिलचर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SMCH) की हॉस्पिटल मैनेजमेंट सोसाइटी (HMS) की गवर्निंग बॉडी का गठन कर दिया गया है। असम सरकार के मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च डिपार्टमेंट की अधिसूचना के अनुसार, राज्यपाल की स्वीकृति से गठित इस समिति के अध्यक्ष राज्य के मंत्री कौशिक राय होंगे। काछार के जिला आयुक्त को उपाध्यक्ष तथा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य-सह-अधीक्षक को सचिव बनाया गया है।
गवर्निंग बॉडी में काछार जिले के चार विधायकों—उधारबंद के राजदीप ग्वाला, काठीघोड़ा के कमलाक्ष दे पुरकायस्थ, बड़खोला के किशोर नाथ तथा शिलचर के विधायक डॉ. राजदीप राय—को सदस्य बनाया गया है।
समिति में मेडिकल एजुकेशन के निदेशक, काछार के ज्वाइंट डायरेक्टर ऑफ हेल्थ सर्विसेज, एडीसी (स्वास्थ्य), मेडिकल कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल एवं सुपरिंटेंडेंट सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा नगर निकाय, जिला परिषद, IMA की स्थानीय शाखा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, APDCL, PWD (B), अस्पताल कर्मचारियों, ट्रेजरी/FAO तथा दो पूर्व छात्रों के प्रतिनिधि भी गवर्निंग बॉडी के सदस्य होंगे।
सरकार का मानना है कि इस समिति के गठन से शिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के प्रशासनिक प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित होगी।
सोनाई विधायक को शामिल नहीं किए जाने पर सवाल
गवर्निंग बॉडी में सोनाई के विधायक अमीनुल हक लस्कर को शामिल नहीं किए जाने को लेकर विभिन्न हलकों में असंतोष सामने आया है। उल्लेखनीय है कि शिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल की स्थापना के समय यह क्षेत्र सोनाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत था। परिसीमन के बाद मेडिकल कॉलेज बड़खोला विधानसभा क्षेत्र में आ गया। ऐसे में सोनाई के वर्तमान विधायक को समिति में शामिल नहीं किए जाने पर सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं, उधारबंद, शिलचर और काठीघोड़ा के विधायकों को गवर्निंग बॉडी में स्थान दिया गया है।