चंद्रशेखर ग्वाला, बड़खोला, 30 अगस्त: काछार जिले के बड़खोला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मैनागढ़ में रविवार शाम शिलचर-हाफलांग-सौराष्ट्र राजमार्ग पर स्कूटी और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शाम करीब 5:30 बजे हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मैनागढ़ इलाके में स्कूटी संख्या AS-11-AB-1965 और बाइक संख्या AS-11-AH-5377 के बीच अचानक आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल उपचार के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक घायलों की पहचान तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़खोला और उधारबंद थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटाई। हादसे के बाद मैनागढ़ सहित आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई।