सावन में शिलचर में गूंजा ‘ॐ नमः शिवाय’, सामाजिक एकता और भाईचारे का दिया संदेश

शिलचर, 29 अगस्त। सावन माह के पावन अवसर पर पिछले 8–9 वर्षों से शिलचर में निरंतर आयोजित किए जा रहे ‘ॐ नमः शिवाय’ जाप का आयोजन इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। 29 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक पूरे सावन माह में आयोजित इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में प्रतिदिन शाम 9 बजे से 10:30 बजे तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

आयोजकों के अनुसार, प्रतिदिन लगभग 100 से 125 सदस्य जाप में सहभागी बने। जिन-जिन सदस्यों के घरों में जाप का आयोजन हुआ, वहां भगवान शिव की आकर्षक एवं मनमोहक झांकियां सजाई गईं। पूरे माह चले इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप कर आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण किया।

इस आयोजन की विशेषता इसकी सामाजिक एकता रही। इसमें केवल माहेश्वरी समाज ही नहीं, बल्कि अग्रवाल, ओसवाल, जैन, बंगाली सहित विभिन्न समाजों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक-दूसरे के घरों में आयोजित जाप में श्रद्धापूर्वक शामिल हुए। आयोजन ने शिलचर में आपसी प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।

इसी दौरान माहेश्वरी समाज की ओर से कांवड़ यात्रा का भी आयोजन किया गया, जिसमें समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। आयोजकों ने महादेव से प्रार्थना की कि समाज सहित सभी वर्गों के बीच प्रेम, सौहार्द, एकता और भाईचारा सदैव कायम रहे।

Leave a Comment