मारवाड़ी आरोग्य भवन अस्पताल में हर्षोल्लास से मनाया रक्षाबंधन

डिब्रूगढ़: श्री विश्वनाथ मारवाड़ी दातव्य औषधालय के तत्वावधान में संचालित मारवाड़ी आरोग्य भवन अस्पताल में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम विशेष रूप से अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ को समर्पित रहा।

श्री विश्वनाथ मारवाड़ी दातव्य औषधालय की ओर से सीए ज्योति प्रसाद कनोई, अनिल पोद्दार एवं बद्री गाड़ोदिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मंगल गीतों और पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद नर्सिंग स्टाफ की महिला सदस्यों ने सहकर्मियों एवं अस्पताल प्रशासन के प्रतिनिधियों को राखी बांधकर उनके सुख, समृद्धि, दीर्घायु और सुरक्षा की मंगलकामना की।

इस अवसर पर भाईचारे, स्नेह और परस्पर सम्मान की भावना देखने को मिली। सीए ज्योति प्रसाद कनोई एवं अनिल पोद्दार ने अपने संबोधन में नर्सिंग स्टाफ की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान केवल चिकित्सा एवं दवाइयों तक सीमित नहीं है। वे मरीजों को मानसिक, भावनात्मक और मानवीय सहयोग भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी नर्सिंग स्टाफ धैर्य, करुणा और संवेदनशीलता के साथ मरीजों की सेवा करता है, जिससे उपचार प्रक्रिया के साथ-साथ मरीजों को मानसिक संबल भी मिलता है। उन्होंने कहा कि किसी अस्पताल की पहचान केवल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों से नहीं, बल्कि मरीजों की निरंतर सेवा में जुटी पूरी टीम से बनती है और नर्सिंग स्टाफ इस टीम की महत्वपूर्ण कड़ी है।

रक्षाबंधन के इस आयोजन से अस्पताल के कर्मचारियों के बीच आपसी स्नेह, सहयोग और पारिवारिक भावना को और मजबूती मिली।

Leave a Comment