रामकृष्णनगर, 28 अगस्त : कालीबाड़ी राजकीय चिकित्सालय के नए भवन की दीवार निर्माण को लेकर अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को जिला परिषद सदस्य एवं अस्पताल के अध्यक्ष राजेश दास ने पूरी तरह झूठा और निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ठेकेदार और अभियंता की है, जबकि उनका दायित्व केवल कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करना है।
राजेश दास ने बताया कि तेज बारिश और आंधी के कारण भवन की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी। सूचना मिलने पर उन्होंने ठेकेदार और अभियंता को मौके पर बुलाकर निरीक्षण कराया। फिलहाल क्षतिग्रस्त हिस्से को जेसीबी से हटाकर निर्माण कार्य रोक दिया गया है। बारिश समाप्त होने के बाद इसे मजबूती के साथ दोबारा बनाया जाएगा। भवन निर्माण पर करीब 2 करोड़ 42 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग व्यक्तिगत और राजनीतिक स्वार्थ के कारण उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगा रहे हैं। रंजीत दास और सुधांशु वैष्णव द्वारा लगाए गए आरोपों को उन्होंने राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए कहा कि जनता ने उन्हें भारी मतों से निर्वाचित किया है और वे अस्पताल के निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करेंगे।