तिनसुकिया में लैंगिक हिंसा की रोकथाम और कानूनी जागरूकता पर अंतर-विभागीय समन्वय बैठक

तिनसुकिया: तिनसुकिया स्थित असम राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के सामुदायिक प्रबंधित प्रशिक्षण केंद्र में लैंगिक हिंसा की रोकथाम और कानूनी जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से अंतर-विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक का संयुक्त आयोजन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, असम सरकार के अंतर्गत असम राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के जेंडर रिसोर्स सेंटर (जीआरसी), माकुम तथा सहयोगी संस्था सेंटर फॉर कैटेलाइजिंग चेंज (सी३) द्वारा किया गया।

बैठक में माकुम के विधायक संजय किशन और तिनसुकिया के विधायक पुलक गोहाईं मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

बैठक में जेंडर रिसोर्स सेंटर की भूमिका, लैंगिक हिंसा की रोकथाम, समुदायों के बीच जागरूकता फैलाने तथा पूरे तिनसुकिया जिले में केंद्र की प्रभावशीलता बढ़ाने पर चर्चा की गई। साथ ही, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया गया, ताकि महिलाओं के संवैधानिक अधिकार, सामाजिक सुरक्षा उपाय तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ जमीनी स्तर तक पहुंच सकें।

उपस्थित अधिकारियों ने कानूनी साक्षरता को बढ़ावा देने और महिलाओं के अधिकारों एवं उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाकर उन्हें सशक्त बनाने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम से तिनसुकिया जिले में लैंगिक समानता और महिला सशक्तीकरण के प्रयासों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।

असम राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तिनसुकिया जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) मंजीत गोगोई ने स्वागत एवं परिचयात्मक संबोधन दिया। बैठक में तिनसुकिया के जिला विकास आयुक्त जावेद अरमान, माकुम के उप-मंडलीय अधिकारी नीलूराम शर्मा, सी३ की राज्य कार्यक्रम अधिकारी राजश्री सैकिया तथा तिनसुकिया जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की प्रतिनिधि उर्मिला वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जेंडर रिसोर्स सेंटर की हेल्पलाइन संख्या ९३९५७२०२६० है।

Leave a Comment