एमआईटी की प्रतिष्ठित फेलोशिप के लिए चयनित आईएएस अधिकारी कीर्ति जल्ली

गौहाटी, 24 अगस्त: बराक घाटी में अपनी प्रशासनिक दक्षता और जनमुखी कार्यशैली के लिए पहचान बनाने वाली 2013 बैच की आईएएस अधिकारी कीर्ति जल्ली को अमेरिका के प्रतिष्ठित मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) के हर्बर्ट एच. हम्फ्री फेलोशिप प्रोग्राम के लिए चयनित किया गया है।

असम-मेघालय कैडर की अधिकारी कीर्ति जल्ली एमआईटी में करीब दस महीने तक टेक्नोलॉजी पॉलिसी एंड मैनेजमेंट का विशेष अध्ययन करेंगी। पाठ्यक्रम में डिजिटल गवर्नेंस, तकनीक आधारित प्रशासन, उभरती तकनीकों के उपयोग और आधुनिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान रहेगा।

कीर्ति जल्ली पूर्व में कछार और हैलाकांडी की उपायुक्त रह चुकी हैं। अपने कार्यकाल में आम लोगों से सीधा संवाद, सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, आधारभूत ढांचे के विकास और आपदा प्रबंधन में सक्रिय भूमिका के कारण उन्होंने विशेष पहचान बनाई। वर्तमान में वह असम सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की आयुक्त तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), असम की निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।

तेलंगाना के वारंगल जिले के एक किसान परिवार से आने वाली कीर्ति जल्ली ने कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर आईएएस सेवा में प्रवेश किया। एमआईटी की फेलोशिप को उनकी प्रशासनिक क्षमता के साथ-साथ तकनीक और आधुनिक प्रबंधन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके चयन से बराक घाटी में भी खुशी और गर्व का माहौल है।

Leave a Comment