ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश ने घरेलू विद्युतीकरण और नल के माध्यम से पेयजल उपलब्धता के क्षेत्र में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में राज्य में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष २०१६ में राज्य के करीब १.४८ लाख घरों में बिजली की सुविधा थी, जो कुल घरों का लगभग ४९ प्रतिशत था। वर्ष २०२६ में यह संख्या बढ़कर ३.०२ लाख घरों तक पहुंच गई है। इसके साथ ही राज्य में घरेलू विद्युतीकरण का लक्ष्य १०० प्रतिशत हासिल कर लिया गया है।
पेयजल के क्षेत्र में भी राज्य ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष २०१६ में केवल २२,७९६ घरों में कार्यशील नल कनेक्शन थे, जो कुल घरों का महज ९.९ प्रतिशत था। वर्ष २०२६ में यह संख्या बढ़कर २,२८,५६६ घरों तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने इसे १०० प्रतिशत कवरेज और करीब ९०३ प्रतिशत वृद्धि बताया।
पेमा खांडू ने कहा कि पिछले दस वर्षों में अरुणाचल प्रदेश ने बिजली और पेयजल जैसी दो बुनियादी जरूरतों के क्षेत्र में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के प्रत्येक परिवार तक पहुंचे और विकास का फायदा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को राज्य में बुनियादी ढांचे और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।