55वें केवीएस राष्ट्रीय खेलकूद समारोह में शिलचर रीजन का शानदार प्रदर्शन, टेबल टेनिस में तीसरा स्थान

शिलचर। चेन्नई के तांबरम में 17 से 21 अगस्त तक आयोजित 55वें केवीएस नेशनल स्पोर्ट्स मीट 2026 में केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के शिलचर रीजन की टेबल टेनिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 रीजन के बीच समग्र रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में शिलचर रीजन की ओर से विप्रजीत देव ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विशेष पहचान बनाई।

अंडर-14 बालक वर्ग में शिलचर रीजन की टीम ने केवीएस एर्नाकुलम रीजन को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। विजेता टीम में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय शिलचर के मास्टर विप्रजीत देव तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एएफएस कुम्भीरग्राम के मास्टर जेनिथ सिंह शामिल थे। दोनों खिलाड़ियों का चयन 70वें एसजीएफआई मीट के लिए भी किया गया है।

वहीं, अंडर-19 बालक वर्ग में शिलचर रीजन की टीम ने केवीएस अहमदाबाद रीजन को 2-0 से पराजित कर कांस्य पदक हासिल किया। विभिन्न आयु वर्गों में टीम के सामूहिक प्रदर्शन और खिलाड़ियों की व्यक्तिगत उपलब्धियों के आधार पर शिलचर रीजन ने प्रतियोगिता में तीसरा समग्र स्थान प्राप्त किया।

इस शानदार उपलब्धि पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय शिलचर के प्राचार्य किशोर कुमार पांडे और खेल शिक्षक अंकुर दीक्षित ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला खेल संघ टेबल टेनिस अकादमी के प्रशिक्षक पार्थ देव और शिवाशिष चक्रवर्ती ने भी विप्रजीत देव सहित पूरी टीम के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

शिलचर रीजन की इस उपलब्धि से क्षेत्र के खेलप्रेमियों में भी खुशी का माहौल है और इसे युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक सफलता माना जा रहा है।

Leave a Comment