उधारबंद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15,900 बोतल कोडिनयुक्त कफ सिरप व 2,600 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद; एक गिरफ्तार

रानू दत्त, शिलचर

उधारबंद, 20 अगस्त: गुप्त सूचना के आधार पर कछार पुलिस ने उधारबंद के गोसाईपुर में लस्कर दुकान के पास स्थित एक गोदाम में अभियान चलाकर भारी मात्रा में कोडिनयुक्त कफ सिरप और ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए। मामले में पुलिस ने 57 वर्षीय सोहुद अहमद लस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे चलाए गए अभियान के दौरान टास्को प्लस कोडिन कफ सिरप की 6,300 बोतल तथा वेनरेक्स कोडिन कफ सिरप की 9,600 बोतल बरामद की गईं। इस तरह कुल 15,900 बोतल कफ सिरप जब्त किया गया। इसके अलावा 2,600 ट्रामाडोल कैप्सूल भी बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोसाईपुर पार्ट-2, हापुर निवासी 57 वर्षीय सोहुद अहमद लस्कर के रूप में हुई है। वह मजीबुर रहमान लस्कर का पुत्र बताया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी और जब्ती की कार्रवाई पूरी की गई तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बरामद नशीली दवाओं के स्रोत तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है। मामले में कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment