कोकराझार, 21 जुलाई। छठी वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रानीगुली द्वारा जन-कल्याण योजना के अंतर्गत भारत-भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सीमावर्ती क्षेत्र के वेस्ट सरलपारा गाँव में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी सरलपारा के कार्यक्षेत्र अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों के पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण पशु चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराना तथा पशुधन संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
शिविर का संचालन क्षेत्रक मुख्यालय, बोंगाईगांव के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. यतींद्र सिंह सेंगर, सहायक कमांडेंट के नेतृत्व में किया गया। शिविर में सीमा चौकी सरलपारा के अंतर्गत आने वाले गाँवों के पशुपालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने पशुधन की स्वास्थ्य जांच एवं उपचार कराया।
कार्यक्रम के दौरान कुल 59 मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। आवश्यकतानुसार उनका उपचार किया गया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। विशेषज्ञों द्वारा पशुपालकों को पशुओं के पोषण, नियमित टीकाकरण, स्वच्छता, रोगों की रोकथाम एवं वैज्ञानिक पशुपालन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर सशस्त्र सीमा बल के अधिकारी ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसे जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीणों एवं पशुपालकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के साथ-साथ पशुधन संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा सीमा क्षेत्र में जन-सेवा, विश्वास एवं सहभागिता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।
ग्रामीणों एवं पशुपालकों ने छठी वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, रानीगुली द्वारा आयोजित इस निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर की सराहना करते हुए बल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं तथा ग्रामीण समुदाय और सशस्त्र सीमा बल के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग को और अधिक मजबूत करते हैं।
GOPAL PRASAD
KOKRAJHAR , ASSAM