पाथारकांदी: बाजारीछोड़ा जीपी के छागलमुआ गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय भाजपा बूथ अध्यक्ष विकास धर की नृशंस हत्या के विरोध में पाथारकांदी में गुरुवार को सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया। पाथारकांदी और लोहाइपुवा भाजपा मंडल के संयुक्त तत्वावधान में निकाले गए विरोध मार्च में हत्याकांड की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने पांच सूत्री मांगों वाला ज्ञापन पाथारकांदी के सर्किल अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा। ज्ञापन में हत्याकांड की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने तथा दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जल्द से जल्द कड़ी और मिसाल कायम करने वाली सजा दिलाने की मांग प्रमुख रही।
इस बीच, हत्याकांड को लेकर कथित तौर पर भड़काऊ बयान देने के आरोप में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कांग्रेस नेता हाफिज रशीद चौधरी के खिलाफ पाथारकांदी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शनकारी पाथारकांदी थाने पहुंचे और हाफिज रशीद चौधरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 16 अगस्त को फेसबुक लाइव के माध्यम से चौधरी ने विकास धर हत्याकांड के संबंध में कथित रूप से असत्य, भड़काऊ और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली टिप्पणियां कीं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि इस बयान से क्षेत्र में भय एवं तनाव का माहौल पैदा होने तथा सामाजिक एवं सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई।
अब निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर हैं। विकास धर हत्याकांड की जांच के लिए SIT गठित किए जाने और हाफिज रशीद चौधरी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे मामले में क्या कदम उठाती है, यह आने वाले दिनों में महत्वपूर्ण होगा।