उधारबंद, निहार कांति राय। शारदीय दुर्गोत्सव को लेकर उधारबंद में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। उधारबंद अस्पताल रोड सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए भव्य और आकर्षक पूजा आयोजन की तैयारी में जुटी है। गुरुवार को भूमि पूजन के बाद आयोजित पत्रकार सम्मेलन में समिति के पदाधिकारियों ने पूजा की तैयारियों और विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी।
समिति के अध्यक्ष दोलाल चंद्र देव ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं को कुछ नया और आकर्षक देने का प्रयास किया जा रहा है। समिति के कोषाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध पंडाल कलाकार विश्वजीत दंडपाट की निर्माण कला के तहत इस वर्ष थाईलैंड के बौद्ध मंदिर की तर्ज पर करीब 110 फीट ऊंचा और 80 फीट चौड़ा विशाल पंडाल तैयार किया जाएगा।
पंडाल के अंदरूनी हिस्से में महाभारत काल में समुद्र के गर्भ में समा चुकी भगवान श्रीकृष्ण की द्वारका नगरी का भव्य दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। इस परिकल्पना को कलाकार बाप्पी शीट साकार रूप देंगे। पंडाल के समीप हुगली ब्रिज की प्रतिकृति भी आकर्षण का केंद्र होगी। इसके अलावा आठ विशाल विद्युत तोरणों की आकर्षक रोशनी से पूजा के दिनों में अस्पताल रोड जगमगा उठेगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को भी समिति ने प्राथमिकता दी है। पंडाल के अंदर और बाहर पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 30 होमगार्ड जवान तैनात रहेंगे। इनके साथ समिति के स्वयंसेवक और महिला स्वयंसेविकाएं भी श्रद्धालुओं की सहायता के लिए मौजूद रहेंगी।
पूजा के चारों दिनों में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। समिति के अनुसार, तैयारियां निर्धारित योजना के अनुसार आगे बढ़ीं तो महाषष्ठी से पहले ही, द्वितीया के दिन पंडाल का औपचारिक उद्घाटन किए जाने की योजना है।
समिति के सचिव स्वरूप दत्त ने बताया कि पूजा के चारों दिनों भक्तों के बीच प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि भूमि पूजन कार्यक्रम में समिति के मुख्य सलाहकार एवं विधायक राजदीप गोयाला के उपस्थित रहने की बात थी, लेकिन उसी दिन शाम को उन्हें गुवाहाटी जाना पड़ने के कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। हालांकि, पूजा के समग्र आयोजन में उन्होंने सहयोग का आश्वासन दिया है।
पत्रकार सम्मेलन में सचिव चंपक राय, कोषाध्यक्ष चंदन राय, उपाध्यक्ष दर्शन प्रसाद सिंह, विद्युत दत्त, रिंकू दास, दिलीप कुमार देव (बच्चू), बुल्टी राय, अनिता पाल, बिनती शील, स्वप्ना साहा और दीपायन चक्रवर्ती समेत समिति के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस वर्ष 110 फीट ऊंचा भव्य पंडाल, द्वारका नगरी की अनूठी प्रस्तुति, हुगली ब्रिज की प्रतिकृति और आकर्षक विद्युत सज्जा उधारबंद अस्पताल रोड की दुर्गापूजा को श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनाने की उम्मीद है।