शिलचर: असम विश्वविद्यालय केंद्रीय विद्यालय के बंद होने की आशंका के बीच विद्यालय को बचाने की मांग को लेकर बराक घाटी में आवाज बुलंद होने लगी है। इसी क्रम में केंद्रीय विद्यालय सुरक्षा समिति के आह्वान पर आज एक विशेष पत्रकार सम्मेलन एवं सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय विद्यालय सुरक्षा समिति के अध्यक्ष तपन दास, समाजसेवी प्रसेनजीत देव, विद्यार्थियों के अभिभावक तथा स्थानीय जागरूक नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने केंद्रीय विद्यालय को बंद किए जाने की किसी भी संभावना पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया।
वक्ताओं ने कहा कि कोई भी विद्यालय केवल एक भवन नहीं होता, बल्कि वह सैकड़ों विद्यार्थियों के भविष्य, सपनों और शिक्षा के अधिकार से जुड़ा संस्थान होता है। इसलिए असम विश्वविद्यालय केंद्रीय विद्यालय को किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं किया जाना चाहिए।
सभा में विद्यालय को बचाने तथा विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य की रक्षा के लिए सभी पक्षों से एकजुट होकर प्रयास करने की अपील की गई।
केंद्रीय विद्यालय बचाएं, विद्यार्थियों के शिक्षा के अधिकार की रक्षा करें—यही सभा का प्रमुख संदेश रहा।