शिलचर, 18 अगस्त 2026। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मासिमपुर में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025-26 में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनके उल्लेखनीय परिणाम के लिए मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही अपने-अपने विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन सूचकांक (P.I.) प्राप्त करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
यह सम्मान समारोह मासिमपुर आर्मी कैंट स्थित राजीव संधू ऑडिटोरियम में मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर रजत मोहन भट्ट जी के सौजन्य से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉ. हरपाल सिंह के स्वागत वक्तव्य से हुआ। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सभी के समक्ष साझा किया तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का विश्वास व्यक्त किया।
प्राचार्य ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय के 8 विद्यार्थियों का चयन NEET तथा 2 विद्यार्थियों का चयन JEE में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। उन्होंने इन उपलब्धियों को विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय बताते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर रजत मोहन भट्ट ने अपने कर-कमलों से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास एवं निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल अच्छे परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि मानवीय मूल्यों, कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को आत्मसात करते हुए एक यशस्वी एवं सार्थक जीवन जीना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनने के लिए भी प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के नामित अध्यक्ष कर्नल प्रकाश साहू भी उपस्थित रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह के अंत में विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती कल्याणी चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले मुख्य अतिथि, विद्यालय के नामित अध्यक्ष, प्राचार्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं समस्त विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात अल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
यह सम्मान समारोह विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने वाला रहा। साथ ही इस कार्यक्रम ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, उत्कृष्ट उपलब्धियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।