शिलचर में मंत्री कौशिक राय ने किया सरकारी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण

सरकारी रिपोर्ट के बजाय मौके पर पहुंचकर विकास कार्यों और जनसेवाओं की स्थिति का लिया जायजा

शिलचर, 18 अगस्त, रानु दत्त: सरकारी रिपोर्टों पर निर्भर रहने के बजाय विकास कार्यों और जनसेवाओं की वास्तविक स्थिति जानने के उद्देश्य से खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, आवासन एवं नगरीय मामले तथा सहकारिता मंत्री कौशिक राय ने सोमवार को शिलचर में विभिन्न सरकारी परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर सरकारी बुनियादी ढांचे तक की प्रगति और समस्याओं का जायजा लिया।

मंत्री ने शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में नवनिर्मित अत्याधुनिक सीटी स्कैन मशीन का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का दौरा कर मरीजों को मिल रही चिकित्सा सेवाओं, आधारभूत सुविधाओं, साफ-सफाई और समग्र व्यवस्था की जानकारी ली।

मंत्री ने केवल अधिकारियों से रिपोर्ट लेने के बजाय अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों और उनके परिजनों से भी सीधे बातचीत की। उन्होंने मरीजों से पूछा कि इलाज और अन्य आवश्यक सेवाएं प्राप्त करने में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। मरीजों और परिजनों द्वारा बताई गई समस्याओं और सुझावों के आधार पर आवश्यक कदम उठाने का निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिया।

नई सीटी स्कैन सेवा के संबंध में मंत्री कौशिक राय ने कहा कि इससे बराक घाटी के लोगों को तेजी से और बेहतर स्तर की जांच सुविधा उपलब्ध होगी। उन्नत डायग्नोस्टिक जांच के लिए मरीजों को बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। उन्होंने कहा कि समय पर रिपोर्ट मिलने से चिकित्सकों को उपचार संबंधी निर्णय लेने में भी सुविधा होगी।

इसके बाद मंत्री ने निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड डिस्ट्रिक्ट कमिश्नर कार्यालय का निरीक्षण किया। कछार के जिला आयुक्त राहुल कुमार गुप्ता तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में उन्होंने परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। मंत्री ने निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कौशिक राय ने कहा कि सरकारी योजनाओं की प्रगति का आकलन केवल कागजी रिपोर्ट के आधार पर नहीं किया जा सकता, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति देखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं की पहचान कर उनका शीघ्र समाधान करना और सरकारी परियोजनाओं को समय पर पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनसेवाओं और विकास परियोजनाओं की वास्तविक प्रगति सुनिश्चित करने के लिए आने वाले दिनों में भी इसी तरह के स्थलीय निरीक्षण जारी रहेंगे।

Leave a Comment