काछार जिले के काठीघोड़ा क्षेत्र के दिगरखाल में पुलिस ने एक लारी के गुप्त कक्ष से करीब 50 हजार संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद किए हैं। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार कीमत कई करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
गुप्त सूचना के आधार पर कछार के एसएसपी पार्थ प्रतिम दास के नेतृत्व में पुलिस ने दिगरखाल पुराने एमवीआई गेट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-6 पर अभियान चलाया। इस दौरान AS-01GC-7852 नंबर की एक लारी को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान लारी में बनाए गए गुप्त कक्ष से भारी मात्रा में संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद हुए।
पुलिस ने इस मामले में मासूम उद्दीन तापादार नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मादक पदार्थ से लदी लारी समेत आरोपी को फिलहाल गुमड़ा पुलिस की हिरासत में रखा गया है।
पुलिस बरामद टैबलेट की वास्तविक प्रकृति और बाजार मूल्य की पुष्टि करने के साथ ही इस मादक पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।