उधारबंद, 16 अगस्त। उधारबंद के कालीबाड़ी रोड सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति की करीब पांच दशक पुरानी परंपरा इस वर्ष भी नए आकर्षण के साथ जारी रहेगी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्तंभ पूजा के साथ इस वर्ष के दुर्गोत्सव की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ किया गया।
पुरोहित पीयूष भट्टाचार्य के मंत्रोच्चार के बीच आयोजित स्तंभ पूजा में उधारबंद के विधायक राजदीप गोवाला ने खंभा स्थापित कर तैयारियों की शुरुआत की। इस अवसर पर पूजा समिति के अध्यक्ष शंकर राय, महासचिव गौरा नाग (टिंकू नाग), उपाध्यक्ष कल्याण भट्टाचार्य एवं सत्यजीत चौधरी सहित समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे। महिलाओं के शंखनाद और उलुध्वनि से पूजा परिसर भक्तिमय हो उठा।
इसके बाद आयोजित पत्रकार सम्मेलन में विधायक राजदीप गोवाला ने कहा कि कालीबाड़ी रोड की दुर्गापूजा केवल पूजा नहीं, बल्कि आनंद और सामाजिक मिलन का उत्सव है। हर वर्ष मंडप, प्रतिमा और सजावट में कुछ नया देखने को मिलता है और इस बार भी लोगों को आकर्षित करने की पूरी तैयारी की जा रही है।
समिति के अध्यक्ष शंकर राय ने बताया कि इस वर्ष का मुख्य आकर्षण मंडप होगा, जिसे अमेरिका स्थित स्वामीनारायण मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। करीब 100 फीट ऊंचे और 20 फीट चौड़े मंडप का निर्माण एक्रिलिक और कागज से किया जाएगा। पश्चिम बंगाल के कलाकार नंद दुलाल प्रधान मंडप निर्माण की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि राजस्थान की कलात्मक शैली पर आधारित सजावट मेदिनीपुर के कलाकार चंदन माझी करेंगे। प्रतिमा का निर्माण कांथी के कलाकार उत्तम जाना करेंगे।
मंडप के पीछे विशाल गणेश प्रतिमा के साथ भगवान नारायण के दशावतार भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगे। विलुप्त होती लोक संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से इस बार पुतुल नाच (कठपुतली नृत्य) भी विशेष आकर्षण रहेगा। इसके लिए 100 रुपये का कूपन रखा गया है। इसके अलावा हर वर्ष की तरह इस बार भी आकर्षक विद्युत सज्जा की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी स्थानीय कलाकार अजीत दास को दी गई है। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था रहेगी।
समिति के अनुसार, दशमी के बाद भी दूर-दराज से बड़ी संख्या में लोग यहां मंडप और प्रतिमा देखने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए समिति की ओर से प्रशासन से दशमी के बाद भी निर्धारित अवधि तक मंडप दर्शन की अनुमति देने का आग्रह किया गया है। समिति सदस्य शायन राय ने इस मामले में विधायक राजदीप गोवाला से सहयोग की अपील की।
स्तंभ पूजा और पत्रकार सम्मेलन में भास्कर दास, प्रवीर देव, ध्रुव नाग, सुजीत सी, राखाल राभा, कमलेंदु पाल सहित पूजा समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस के दिन ही कालीबाड़ी रोड में दुर्गोत्सव का माहौल बनना शुरू हो गया है। अब लोगों को इंतजार है कि कब यह भव्य मंडप दर्शनों के लिए खुलेगा और पांच दशक पुरानी यह पूजा इस वर्ष किस नए आकर्षण के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत करेगी।