शिलचर, 16 अगस्त। वंदे मातरम् गीत की गरिमा का उचित सम्मान नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए कछार जिला भाजपा युवा मोर्चा ने रविवार को शिलचर में विरोध प्रदर्शन किया। खुदीराम बसु की प्रतिमा के समक्ष आयोजित इस विरोध सभा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना पर रोष व्यक्त किया।
भाजपा का आरोप है कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान वंदे मातरम् के गायन के समय कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने गीत के प्रति अपेक्षित सम्मान नहीं दिखाया। पार्टी ने दावा किया कि वंदे मातरम् के दौरान सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को अन्य लोगों के साथ बातचीत करते हुए देखा गया। भाजपा युवा मोर्चा ने इसे देश के 140 करोड़ लोगों की भावनाओं के प्रति असम्मान करार देते हुए विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्लेकार्ड लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। वक्ताओं ने कांग्रेस पर संविधान और देश की राष्ट्रीय गरिमा का कथित रूप से अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वंदे मातरम् महज एक देशभक्ति गीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय चेतना से गहराई से जुड़ा हुआ है। इसलिए इसके गायन के दौरान प्रत्येक व्यक्ति को उचित सम्मान और मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
विरोध कार्यक्रम में काछार जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा, राज्यसभा सांसद कणाद पुरकायस्थ, लखीपुर के विधायक एवं मंत्री कौशिक राय, शिलचर के विधायक राजदीप राय, ध़ोलाई के विधायक अमियकांति दास तथा कछार जिला भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष नेहाल चौधरी सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : रानू दत्त,शिलचर | 16 अगस्त