श्रीकोना में असम राइफल्स की भव्य तिरंगा बाइक रैली, देशभक्ति के रंग में रंगा क्षेत्र

असम के श्रीकोना में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में असम राइफल्स की ओर से भव्य तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में 100 से अधिक बाइक सवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति, एकता एवं राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया।

तिरंगा बाइक रैली को लेकर स्थानीय लोगों में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। लोगों ने असम राइफल्स की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ सुरक्षा बलों और स्थानीय समुदाय के बीच आत्मीय संबंधों को भी सुदृढ़ करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान श्रीकोना एलपी स्कूल के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने तिरंगा मार्च में हिस्सा लिया। इसके अलावा देशभक्ति गीत प्रतियोगिता और नृत्य प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर एक संवादात्मक सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व पर विशेष व्याख्यान दिया गया। विद्यार्थियों को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, गौरव और जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों के प्रति प्रेरित किया गया।

असम राइफल्स की यह तिरंगा बाइक रैली राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रभावशाली प्रदर्शन रही। रैली ने ‘एक राष्ट्र, एक भावना और एक सामूहिक संकल्प’ के संदेश को मजबूत करते हुए सुरक्षा बलों और स्थानीय समुदाय को देशभक्ति की भावना से एकजुट किया।

Leave a Comment