शिलचर। महान स्वतंत्रता सेनानी एवं मणिपुर के वीर युवराज टिकेंद्रजीत सिंह के बलिदान दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सुबह 10 बजे रंगपुर स्थित पैरामाउंट इंग्लिश एकेडमी में गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 13 अगस्त 1891 को वीर टिकेंद्रजीत सिंह सहित अन्य क्रांतिकारियों को अंग्रेजी शासन द्वारा सार्वजनिक रूप से फांसी दिए जाने की घटना को स्मरण करते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत एकेडमी की प्रधानाचार्या चंदना दास एवं प्रबंधन समिति के सचिव सुधांशु दास के नेतृत्व में हुई। शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने वीर टिकेंद्रजीत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद शहीदों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा गया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका रीता सिंह तथा कक्षा आठवीं के एक छात्र ने वीर टिकेंद्रजीत सिंह के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। छात्र-छात्राओं ने सामूहिक गीत प्रस्तुत कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। तापसी दास ने शोकगीत प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा तीसरी की छात्रा दिव्यांका दास ने कविता पाठ किया। अस्मिता दास एवं ऋतृश्री देव ने भी सामूहिक गीत में भाग लिया।
समापन अवसर पर प्रबंधन समिति के सचिव सुधांशु दास ने वीर टिकेंद्रजीत सिंह के जीवन एवं बलिदान पर संक्षिप्त वक्तव्य दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से वीर सेनानी के देशप्रेम, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रधान शिक्षक निशीथ दास, शिक्षिकाएं पियांगका भट्टाचार्य, रीता सिन्हा, परिमल नाथ, प्रदीप दास, साहेदा बेगम, प्रियंका घोष सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभा का वातावरण देशभक्ति और वीर टिकेंद्रजीत सिंह के प्रति श्रद्धा से ओत-प्रोत रहा।