सिलचर में स्थायी प्रतिमा और सरकारी अवकाश की मांग
काछार जिला भाजपा कार्यालय में गुरुवार सुबह मणिपुर के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं वीर योद्धा युवराज टिकेंद्रजीत सिंह की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष रूपम साहा, विधायक राजदीप ग्वाला एवं अमिय कांति दास, जिला परिषद अध्यक्ष कंकन नारायण शिकदार, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष किशोर पाल, कछार कॉलेज के प्राध्यापक एवं मुख्य वक्ता एल. सिंह, मणिपुर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एल. मणिकांत सिंह, महासचिव शरत सिंह, सत्येंद्र सिंह सहित पार्टी के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने वीर टिकेंद्रजीत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। वक्ताओं ने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध मणिपुर की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और अस्मिता की रक्षा के लिए वीर टिकेंद्रजीत सिंह के अदम्य साहस, देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि वीर टिकेंद्रजीत सिंह का जीवन और संघर्ष आज की युवा पीढ़ी के लिए देशसेवा, साहस और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा है। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
सभा के दौरान सरकार से सिलचर में वीर टिकेंद्रजीत सिंह की स्थायी अर्धप्रतिमा स्थापित करने तथा उनकी जयंती के दिन को सरकारी अवकाश घोषित करने की जोरदार मांग उठाई गई। जिला भाजपा नेतृत्व ने कहा कि वीर टिकेंद्रजीत सिंह की स्मृति को संरक्षित करने और उनके त्याग एवं वीरता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रशासन तथा समाज को मिलकर पहल करनी चाहिए।