शिलचर, 10 अगस्त: कछार जिले के धोलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक वाहन से चोरी किए गए भारी मात्रा में धारा मास्टर ऑयल को बरामद किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एएस-26-एसी-1197 नंबर के एक मालवाहक वाहन को चन्नीघाट क्षेत्र में खड़ा किया गया था। इसी दौरान वाहन से धारा मास्टर ऑयल की बड़ी खेप चोरी कर ली गई। चोरी किए गए सामान को राजनगर, भागा और धलाई क्षेत्र स्थित तीन अलग-अलग गोदामों में छिपाकर रखे जाने की सूचना पुलिस को मिली थी।
सूचना के आधार पर लायलापुर पुलिस पेट्रोल पोस्ट की टीम ने राजनगर इलाके में अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में धारा मास्टर ऑयल बरामद किया। बरामद सामान में 488 टिन धारा मास्टर ऑयल तथा 551 कार्टन शामिल हैं। प्रत्येक कार्टन में एक लीटर क्षमता की 12 बोतलें थीं।
इस मामले में पुलिस ने दिलबार हुसैन लस्कर, साइमुल उद्दीन लस्कर और नाजमुल हुसैन मजूमदार को गिरफ्तार किया है। तीनों धोलाई थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने बरामद सामान और गिरफ्तार आरोपितों को धलाई थाने में लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा चोरी की गई बाकी सामग्री कहां छिपाई गई है। मामले की जांच जारी है।