1.17 करोड़ का प्रतिबंधित सामान जब्त, दो गिरफ्तार
श्रीकोणा से आठ किमी दूर लाटीग्राम में संयुक्त अभियान; 4.50 लाख सिगरेट और 500 किलो पोस्त के बीज बरामद
शिलचर, 9 अगस्त। प्रतिबंधित सामान और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ असम राइफल्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कस्टम्स विभाग, कछार के साथ संयुक्त अभियान में करीब 1.17 करोड़ रुपये मूल्य का प्रतिबंधित सामान जब्त किया। कार्रवाई रविवार को कछार जिले के लाटीग्राम में की गई, जो श्रीकोणा से करीब आठ किलोमीटर दूर है।
अभियान के दौरान 4 लाख 50 हजार सिगरेट और 500 किलोग्राम पोस्त के बीज बरामद किए गए। सुरक्षा बलों ने एक कंटेनर वाहन और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए तथा दो लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों और जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम्स विभाग, कछार को सौंप दिया गया है।
गौरतलब है कि पिछले एक सप्ताह में असम राइफल्स द्वारा प्रतिबंधित सामान एवं मादक पदार्थों के खिलाफ की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में 25 लाख और 1.67 करोड़ रुपये मूल्य की खेप भी जब्त की जा चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।