शिलचर, 6 अगस्त। शिलचर के मेहरपुर मेडिकल रोड को दो लेन से चार लेन में विकसित करने की बहुप्रतीक्षित परियोजना ने अब गति पकड़ ली है। बुधवार से मेहरपुर के बीरबल बाजार क्षेत्र में अधिग्रहित भूमि पर जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने एवं अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने का अभियान शुरू कर दिया।
अभियान प्रारंभ होने से पहले प्रशासन ने क्षेत्र में माइकिंग कर स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी दुकानें, सामान एवं अन्य सामग्री हटाने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चार लेन परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पूरे अभियान की निगरानी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यकारी अभियंता अनिरुद्ध नाग ने की। अधिकारियों के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेज गति से पूरा करने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ अभियान चला रहा है। साथ ही परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आम जनता से सहयोग की भी अपील की गई है।
इधर, राज्य सरकार के मंत्री कौशिक राय, शिलचर के विधायक राजदीप राय के लिखित निर्देश तथा कछार के जिला आयुक्त के मार्गदर्शन में मेहरपुर मेडिकल कॉलेज रोड पर बने बड़े-बड़े गड्ढों की मरम्मत का कार्य भी लोक निर्माण विभाग के रोड्स प्रभाग द्वारा शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन का मानना है कि चार लेन परियोजना पूरी होने के बाद इस मार्ग पर यातायात जाम में उल्लेखनीय कमी आएगी, आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा तथा शिलचर शहर की यातायात व्यवस्था को नई गति मिलेगी। सड़क चौड़ीकरण और मरम्मत का कार्य एक साथ शुरू होने से स्थानीय लोगों में भी राहत और बेहतर यातायात व्यवस्था की उम्मीद जगी है।