शिलचर, रानू दत्ता। असम पुलिस और असम राइफल्स के संयुक्त अभियान में बुधवार दोपहर जिरीघाट थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कचुदरम थाना अंतर्गत दिदारखुश गांव निवासी रेजाउल करीम (33) और सज्जादुल आलम बड़भुइयां (30) के रूप में हुई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एमजेड-02बी-6363 नंबर की स्विफ्ट कार से मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर असम पुलिस और असम राइफल्स ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 9,000 याबा टैबलेट और 150 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
अभियान दल ने बरामद मादक पदार्थों के साथ तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार तथा आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जिरीघाट थाने लाया गया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।