काछार के पांच और श्रीभूमि के एक स्थान पर कार्रवाई, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त होने की सूचना
शिलचर, 6 अगस्त। बर्मी सुपारी के कथित अवैध कारोबार की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को बराक घाटी के छह स्थानों पर एक साथ व्यापक तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई से सुपारी कारोबार से जुड़े व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, बुधवार तड़के ही ईडी की कई टीमों ने कछार जिले के पांच तथा श्रीभूमि जिले के एक स्थान पर एक साथ छापेमारी शुरू की। अवैध सुपारी व्यापार से जुड़े होने के संदेह में कुछ कारोबारियों के आवासों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की गहन तलाशी ली गई।
जानकारी के मुताबिक, शिलचर के हॉस्पिटल रोड निवासी दीपंकर डे से जुड़े एक पते तथा लेदर वेयरहाउस क्षेत्र के सुपारी कारोबारी जाकिर तालुकदार से संबंधित एक प्रतिष्ठान में भी ईडी की टीम ने जांच की।
वहीं, श्रीभूमि शहर के माइडिही क्षेत्र में कारोबारी कबीर अहमद चौधरी के आवास पर भी सुबह लगभग 10 बजे से शाम 5 बजे तक तलाशी अभियान चलाया गया। बताया जा रहा है कि सुपारी कारोबार में कथित अनियमितताओं के आरोपों के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
हालांकि, ईडी की ओर से अभियान को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों का दावा है कि तलाशी के दौरान जांच से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अभिलेख जब्त किए गए हैं। मामले की जांच जारी है।