शमीद्र पाल, काठीघोड़ा, ६ अगस्त: काछार जिले के कालाइनछोड़ा टोल गेट स्थित पुलिस नाका चेकिंग प्वाइंट पर नियमित तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एक मालवाहक ट्रक से विभिन्न वैध सामानों के पीछे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में ट्रक में सवार तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संध्याराम देवबर्मा, कातरायाज देवबर्मा और डेनिया रेंग के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों त्रिपुरा राज्य के निवासी हैं।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि मेघालय से ट्रक के माध्यम से विभिन्न वैध सामानों की आड़ में विदेशी शराब की खेप मिजोरम ले जाई जा रही थी। जब ट्रक कछार जिले से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग-६ पर कालाइनछोड़ा नाका चेकिंग प्वाइंट से गुजर रहा था, तब ड्यूटी पर तैनात पुलिस ने संदेह के आधार पर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान इस बड़े तस्करी रैकेट का खुलासा हुआ।
पुलिस ने ट्रक से कुल ७४ कार्टन विदेशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत कई लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में रखकर मामले की आगे की पूछताछ और जांच जारी है।