हैलाकांदी की नाबालिग पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग, मानवाधिकार सहायता संघ ने डीसी को सौंपा ज्ञापन।

चंद्रशेखर ग्वाला सिलचर, 4 अगस्त। 

हैलाकांदी जिले के आलोइचेरा गांव में 1 अगस्त को एक नाबालिग लड़की के साथ कथित यौन उत्पीड़न और निर्मम हत्या की घटना को लेकर मानवाधिकार सहायता संघ (एमएसए) की कछार जिला समिति ने मंगलवार को कछार के जिला आयुक्त को एक लिखित ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, त्वरित न्यायिक प्रक्रिया और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

ज्ञापन में संगठन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे अमानवीय और समाज को झकझोर देने वाला अपराध बताया। संगठन के अनुसार, पीड़िता अपने पिता और भाई के निधन के बाद अपनी मां के साथ रह रही थी। आरोप है कि मां की अनुपस्थिति का लाभ उठाकर आरोपियों ने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

एमएसए ने ज्ञापन में कहा कि विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों और सोशल मीडिया के अनुसार पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। संगठन ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।

संगठन ने जिला प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए, यदि अन्य आरोपी फरार हैं तो उन्हें तत्काल गिरफ्तार किया जाए, बिना अनावश्यक विलंब के आरोपपत्र दाखिल किया जाए तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक अदालत में कराकर दोषी पाए जाने वालों को कानून के अनुसार अधिकतम सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को सरकारी योजनाओं के तहत सुरक्षा, सहायता, मुआवजा और पुनर्वास उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।

जिला आयुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में एमएसए के राष्ट्रीय संगठन सचिव अजीत दास, कछार जिला अध्यक्ष पार्थ प्रतिम धर, जिला सचिव धर्मेंद्र दास, उपाध्यक्ष मनोजित नाग, जिला मीडिया प्रभारी राजदीप देबरॉय तथा जिला कोषाध्यक्ष अनिमेष दास शामिल थे।

मानवाधिकार सहायता संघ ने विश्वास जताया कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और कानून के प्रति आम जनता का विश्वास और मजबूत हो।

Leave a Comment