श्रीकोना आईटीआई के वरिष्ठ कर्मचारी सुनील चंद्र देव सेवानिवृत्त, सहकर्मियों ने दी भावभीनी विदाई

शिलचर, 4 अगस्त। श्रीकोना औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के वरिष्ठ कर्मचारी एवं समाजसेवी सुनील चंद्र देव 31 जुलाई को अपनी लंबी और गौरवपूर्ण सेवा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हो गए। लगभग 32 वर्ष, 4 माह और 6 दिन तक संस्थान में समर्पित सेवाएं देने के बाद उनके सम्मान में संस्थान परिसर में एक गरिमापूर्ण विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में संस्थान के प्रधानाचार्य बनेश बरा की उपस्थिति में सुनील चंद्र देव को अंगवस्त्र पहनाकर, पुष्पगुच्छ तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सहकर्मियों ने उनके अनुकरणीय कार्य, कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी तथा संस्थान के विकास में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में सुनील चंद्र देव ने कहा कि सेवा काल के दौरान उन्होंने संस्थान के मैदान के विकास, कैंटीन निर्माण, सीसी ब्लॉक सड़क निर्माण सहित अनेक विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे संस्थान के विकास एवं प्रगति के लिए हरसंभव सहयोग करते रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि सुनील चंद्र देव ने 24 मार्च 1994 को कारपेंटर प्रशिक्षक (कारपेंटर इंस्ट्रक्टर) के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। तीन दशक से अधिक समय तक उन्होंने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

Leave a Comment