धोलाई, 3 अगस्त। हिंदीभाषी समाज कल्याण संस्था, धोलाई के तत्वावधान में 2 अगस्त 2026 को दासी मंदिर विवाह भवन में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में माध्यमिक से लेकर स्नातकोत्तर (मास्टर डिग्री) स्तर तक के 84 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता संस्था के सभापति रामकुमार कोइरी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सपना लोहार उपस्थित रहीं, जबकि निर्मल कोइरी ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कल्याण कुमार माला, दीपक ग्वाला, सीताराम भर, रूमी शुक्ल वैद्य तथा मनीषा कोइरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
विशेष पुरस्कार के अंतर्गत स्वर्ण पदक प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। गणित विषय के पांच, हिंदी विषय के पांच तथा संस्कृत विषय के एक उत्कृष्ट विद्यार्थी को व्यक्तिगत रूप से सम्मान प्रदान किया गया। गणित के विद्यार्थियों को जगदीश कोइरी, हिंदी के विद्यार्थियों को रामधारी कोइरी तथा संस्कृत के विद्यार्थी को रामकुमार कोइरी ने पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम में असम विश्वविद्यालय के स्वर्ण पदक विजेता सुस्मिता मिश्र (हिंदी) एवं मनीषा कुमारी (मानवशास्त्र) तथा रजत पदक विजेता निर्मला कुमार (हिंदी) को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में बराक घाटी के विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर माध्यमिक की मेधावी छात्रा विजयलक्ष्मी को संस्था के सक्रिय सदस्य लक्ष्मी नारायण कोइरी ने सम्मानित किया। इस दौरान विजयलक्ष्मी के पिता भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संबंधी जानकारी संस्था के सभापति रामकुमार कोइरी ने प्रदान की।