गोलाघाट में कछार का शानदार प्रदर्शन, 29 पदक पर कब्जा

गोलाघाट, प्रतिनिधि। गोलाघाट के ओपन इंडोर स्टेडियम में 28 से 31 जुलाई तक आयोजित छठी ऑल असम कलारीपयट्टू चैंपियनशिप एवं आठवीं ऑल असम वोविनाम चैंपियनशिप में कछार जिला टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 29 पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। 20 सदस्यीय टीम ने प्रतियोगिता में 8 स्वर्ण, 10 रजत और 11 कांस्य पदक अपने नाम किए।

अंडर-17 वर्ग की 38 किलोग्राम कलारीपयट्टू फाइट स्पर्धा में आरिफ अहमद लस्कर ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-10 वर्ग में दक्षिता बोस ने कलारीपयट्टू और वोविनाम, दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। स्वाति राय ने वोविनाम फाइट में स्वर्ण पदक जीता, जबकि सहस्र राय ने वोविनाम में स्वर्ण तथा कलारीपयट्टू हाई किक स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया।

सीनियर वर्ग में हेमंत दास ने दो स्वर्ण सहित कुल चार पदक जीतकर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया। वहीं मानस देव ने एक स्वर्ण और तीन कांस्य पदक अर्जित किए। इसके अलावा रित्तिका दास, सूरज सिंह, राजेश दास, अभय डे, दीक्षा सिन्हा, अभीक सिन्हा, दिया सिन्हा तथा ओम सनातम्बा सिंह सहित कई खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर कछार जिले का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में रामजय दास ने मुख्य जूरी, दीपक नंदी ने कोच एवं रेफरी तथा रीता दास ने टीम प्रबंधक की जिम्मेदारी निभाई। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिले के खेल प्रेमियों और खेल संगठनों ने टीम को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Comment