प्रीतम दास हाइलाकांदी, १ अगस्त: असम सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई अरुणोदय ३.० योजना का औपचारिक शुभारंभ शनिवार को हाइलाकांदी में भी किया गया। राज्यभर में निर्धारित समय से पहले ही इस योजना का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर हाइलाकांदी नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या १३ में आयोजित कार्यक्रम में लाभार्थी महिलाओं को सहायता राशि वितरित कर योजना का शुभारंभ किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं दरंग उदालगुड़ी लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिलीप सैकिया उपस्थित रहे। इसके अलावा हाइलाकांदी के विधायक डॉ. मिलन दास राज्य भाजपा की उपाध्यक्ष मून स्वर्णकार जिला आयुक्त जय विकास भाजपा के जिला पदाधिकारी तथा प्रशासन एवं पार्टी के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिलीप सैकिया ने बताया कि चालू माह में बाढ़ प्रभावित जिलों के अरुणोदय योजना के लाभार्थियों को अतिरिक्त २५०० रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इस अतिरिक्त सहायता के लिए अन्य जिलों के लाभार्थियों को इस माह की किस्त में १५० रुपये कम दिए गए हैं। उनके अनुसार इस पहल के माध्यम से अपेक्षाकृत कम प्रभावित जिलों के लाभार्थियों को भी बाढ़ पीड़ित लोगों की सहायता के इस मानवीय प्रयास में सहभागी बनने का अवसर मिला है।
विधायक डॉ. मिलन दास ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में अरुणोदय ३.० योजना के अंतर्गत राज्य की ३७ लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में शनिवार को सहायता राशि जमा की गई है। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस योजना का दायरा और अधिक बढ़ाने तथा सहायता राशि को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाने की भी योजना है।उन्होंने आगे बताया कि अरुणोदय ३.० के अंतर्गत लाभार्थी महिलाएं बिना ब्याज के अधिकतम १५००० रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकेंगी। बाद में अरुणोदय योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता राशि से बैंक के माध्यम से ऋण की राशि स्वतः समायोजित कर ली जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।