हाइलाकांदी में जनगणना २०२७ की स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रचार वाहनों का शुभारंभ

प्रीतम दास हाइलाकांदी, २ अगस्त: जनगणना २०२७ के अंतर्गत स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) प्रक्रिया को सफल बनाने के उद्देश्य से हाइलाकांदी जिले में जागरूकता अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। शनिवार को जिला आयुक्त कार्यालय परिसर में जिला आयुक्त जय विकास (आईएएस) ने दो जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।जिला प्रशासन के अनुसार, ये दोनों प्रचार वाहन जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी देंगे। साथ ही नागरिकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन माध्यम से स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।इस अवसर पर जिला आयुक्त कार्यालय में एक स्व-गणना सहायता केंद्र का भी शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के माध्यम से आम नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करने में आवश्यक तकनीकी सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में अतिरिक्त जिला आयुक्त (जनगणना) मिनर्वा देवी उप जिला आयुक्त (विकास) निरसिंग बे विभिन्न चार्ज अधिकारी तथा प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए जिला आयुक्त जय विकास ने कहा कि जनगणना २०२७ को सुचारु सटीक एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज करने की अपील की।

उन्होंने आगे कहा कि जागरूकता प्रचार वाहनों के माध्यम से जिले के दूर-दराज़ क्षेत्रों तक जनगणना के महत्व तथा स्व-गणना की प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाई जाएगी ताकि अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय अभियान में स्वेच्छा से भागीदारी सुनिश्चित करें।

Leave a Comment