उधारबंद, 1 अगस्त। असम विधानसभा चुनाव संपन्न होने और वर्ष 2026-27 के बजट को विधानसभा से मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने जनता से किए गए चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में पहला बड़ा कदम उठाते हुए शनिवार को राज्य की महत्वाकांक्षी महिला कल्याण योजना ‘अरुणोदय 3.0’ का औपचारिक शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उधारबंद ग्राम पंचायत के तत्वावधान में उधारबंद ब्लॉक ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम का बड़े पर्दे पर सीधा प्रसारण दिखाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, लाभार्थी महिलाएं तथा स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उधारबंद के सर्किल अधिकारी प्रणबानंद दोयारा ने योजना की विशेषताओं की जानकारी दी। इसके बाद उधारबंद के विधायक राजदीप गोयाला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार चुनावी संकल्पों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कर रही है और अरुणोदय 3.0 इसकी महत्वपूर्ण शुरुआत है।
उन्होंने बताया कि उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के लगभग 30,000, उधारबंद विकासखंड के 15,076 तथा उधारबंद ग्राम पंचायत के 400 महिला लाभार्थियों को इस योजना का लाभ मिलेगा। विधायक ने कहा कि महिलाओं के लिए शुरू की गई यह महत्वाकांक्षी योजना पहले 817 रुपये की सहायता राशि से प्रारंभ हुई थी, जिसे बढ़ाकर अब 1,250 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री इस योजना को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। भविष्य में लाभार्थी महिलाएं अरुणोदय योजना के आधार पर बैंकों से ऋण प्राप्त कर सकेंगी तथा आवश्यकता पड़ने पर अग्रिम वित्तीय सहायता (एडवांस) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
विधायक राजदीप गोयाला ने यह भी बताया कि वर्ष 2025 की बाढ़ से प्रभावित 1,092 परिवारों के बैंक खातों में राहत राशि भेजी जाएगी। इस अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से पांच प्रभावित परिवारों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त परिवार की सदस्य सुमित्रा गोयाला को 1 लाख रुपये का चेक तथा अन्य चार लाभार्थियों को 5-5 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष उमा शंकर भट्टाचार्य, रंगपुर मालू ग्राम मंडल अध्यक्ष पुलक देव, उधारबंद के पूर्व मंडल अध्यक्ष दिव्यजीत सेन (मृदुल), राज्य समिति सदस्य मृणाल भट्टाचार्य, जीपी सभानेत्री काकली कर, आंचलिक पंचायत की उपसभानेत्री अमिता चक्रवर्ती, सचिव निर्मलेंदु पाल उज्ज्वल, उधारबंद खंड विकास अधिकारी साधना काथारपी, सुधांशु दास, रूपक देव सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
इसके अलावा ग्राम पंचायत सदस्यों, बूथ अध्यक्षों, पार्टी पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रभारियों तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन सामान्य सचिव स्वरूप दत्त ने किया।