काबूगंज जनता कॉलेज, में व्यास पूजा एवं नवीन शैक्षणिक भवन का लोकार्पण

प्रे.स. शिलचर, 30 जुलाई:
काबूगंज जनता कॉलेज में भारतीय शिक्षण मंडल, कछार जिला समिति (दक्षिण असम प्रांत) के सहयोग से गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर व्यास पूजा का भव्य आयोजन किया गया । इसी शुभ अवसर पर कॉलेज के उच्च माध्यमिक (हायर सेकेंडरी) वर्गों के लिए निर्मित नवीन शैक्षणिक भवन का भी लोकार्पण किया गया ।
गुरु पूर्णिमा और नवीन शैक्षणिक भवन के उद्घाटन का यह शुभ संयोग भारतीय संस्कृति की प्राचीन गुरु-शिष्य परंपरा का पुनः स्मरण कराता है तथा शिक्षा और संस्कार के समन्वय का सशक्त संदेश देता है ।
इस पावन समारोह में दक्षिण असम के कछार जिले के दो विशिष्ट व्यक्तित्वों को समाज एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके आजीवन निःस्वार्थ योगदान के लिए सम्मानित किया गया । सम्मानित व्यक्तियों में प्रथम थे श्री रंजीत सिन्हा, जिन्होंने अपने क्षेत्र में सर्वप्रथम भारतीय शास्त्रीय संगीत के प्रचार-प्रसार का कार्य प्रारंभ किया। उन्होंने शास्त्रीय संगीत की शिक्षा के लिए एक संगीत विद्यालय की स्थापना की, जिसके माध्यम से पिछले लगभग तीन दशकों से भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है । उनके अनेक शिष्य देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्यरत हैं तथा एक शिष्य वर्तमान में लखनऊ स्थित भातखंडे संगीत संस्थान में प्राध्यापक के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं ।
दूसरे सम्मानित व्यक्तित्व श्री प्रभाष चंद्र नाथ हैं, जो एक प्रतिष्ठित साहित्यकार एवं शोधकर्ता हैं । उनके लगभग सात शोधग्रंथ एवं शोधपरक लेख प्रकाशित हो चुके हैं । उनका शोध मुख्यतः लोक साहित्य पर आधारित है। उन्होंने अपने जीवनानुभवों पर आधारित अनेक कविताओं की भी रचना की है । जीवन के उत्तरार्ध में भी वे माँ सरस्वती की आराधना तथा साहित्य-साधना में निरंतर संलग्न हैं ।

जनता कॉलेज परिवार एवं भारतीय शिक्षण मंडल, कछार जिला समिति (दक्षिण असम प्रांत) ने इन दोनों विभूतियों को समाज एवं संस्कृति के प्रति उनके अमूल्य एवं निःस्वार्थ योगदान के लिए गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धापूर्वक सम्मानित किया।
समारोह के मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय शिक्षण मंडल, दक्षिण असम प्रांत के सभापति तथा गुरु चरण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. निरंजन राय उपस्थित रहे । विशिष्ट अतिथियों में असम विश्वविद्यालय के इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. सुपर्णा राय, परीक्षा नियंत्रक डॉ. शुभ्रबीर दत्त राय, जनता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. देवाशीष पाल, गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष श्री मोहन सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे ।
कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाओं में डॉ. सुदीप्ता खेरचा, डॉ. उषा रानी शर्मा, डॉ. निरेंद्र सिंह, डॉ. रूमी दास, डॉ. किंशुक चक्रवर्ती, डॉ. श्रीमा नाथ मजूमदार, डॉ. प्रदीप सिंह, श्रीमती सोमा भट्टाचार्य तथा श्रीमती सुजाता पलीत सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे ।
सम्पूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. मुनि देव मजूमदार ने किया l

Leave a Comment