कोकराझार: रायमोना राष्ट्रीय उद्यान में वनकर्मियों और लकड़हारों के बीच हिंसक झड़प, फायरिंग में एक की मौत की आशंका

​कोकराझार, 29 जुलाई:

कोकराझार जिले के रायमोना राष्ट्रीय उद्यान (Raimona National Park) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कचुगांव वन प्रभाग (Kachugaon Forest Division) के आठियाबाड़ी वन रेंज में वनकर्मियों और लकड़हारों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान कथित तौर पर फायरिंग में एक लकड़हारे की मौत हो गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और तनाव का माहौल बना हुआ है।

​सर्वेक्षण के दौरान हुआ आमना-सामना

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर वनकर्मियों का एक दल सड़क निर्माण के संबंध में सर्वेक्षण करने जंगल में दाखिल हुआ था। इसी दौरान उनकी भिड़ंत लकड़हारों के एक समूह से हो गई। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

​हालात को बेकाबू होता देख वनकर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग की। घटना के बाद चार लकड़हारे तो किसी तरह सुरक्षित भाग गए , लेकिन फुंगखा बसुमतारी (Phungkha Basumatary) नामक एक लकड़हारा लापता हो गया था।

​बुधवार को बरामद हुआ शव

​बुधवार सुबह लापता हुए फुंगखा बसुमतारी (निवासी: 2 नंबर मैनागुड़ी गांव) का शव बरामद कर लिया गया। आशंका जताई जा रही है कि वनकर्मियों द्वारा की गई फायरिंग में गोली लगने से उसकी मौत हुई है। विशेष सूत्रों ने भी युवक की जान वन रक्षकों की गोली से जाने का दावा किया है।

​बीटीसी के वन मंत्री का बयान

​बीटीसी (BTC) के वन कार्यकारी सदस्य (EM) जेम्स बसुमतारी ने बजट सत्र के बाद मीडिया से बातचीत में घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया:

​”रायमोना राष्ट्रीय उद्यान के आठियाबाड़ी वन रेंज में वनकर्मी पेट्रोलिंग कर रहे थे, तभी उनकी शिकारियों/लकड़हारों के साथ आमने-सामने की झड़प हो गई। इस संघर्ष में एक कैजुअल्टी हुई है, जिसमें फुंगखा बसुमतारी की मौत हो गई है। यदि जंगल के अंदर जाना है, तो वन विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य है और इसकी पूर्व जानकारी होनी चाहिए। घटनास्थल पर मजिस्ट्रेट भेज दिए गए हैं, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी।”

​प्रशासन और विभाग की चुप्पी

​फिलहाल इस संवेदनशील मामले पर स्थानीय पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और मजिस्ट्रेट जांच की रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Comment