पूरे असम के साथ-साथ लखीमपुर जिले में भी आज देशभक्ति दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में जिला आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में देशभक्त तरुणराम फूकन की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में उत्तर लखीमपुर विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉक्टर दिगंत हाथीबरुआ ने स्वतंत्रता आंदोलन में तरुणराम फूकन के योगदान और असहयोग आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
उत्तर लखीमपुर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉक्टर मुकुल बोरा तथा स्वतंत्रता सेनानी संगठन के अध्यक्ष भोलानाथ नगरिया ने भी देशभक्ति दिवस के उद्देश्य और तरुणराम फूकन के साहित्य, संस्कृति एवं स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला आयुक्त प्रणवजीत काकती ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, स्वतंत्रता सेनानी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।