शिलचर, 29 जुलाई। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत असम राइफल्स ने काछार पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। कछार जिले के लखीपुर के तारापुर स्थित उज्जैन क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान लगभग ₹1.4 करोड़ मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए।
अभियान में लगभग 8,000 याबा टैबलेट (वजन लगभग 850 ग्राम) तथा 93.3 ग्राम हेरोइन से भरे चार साबुन के डिब्बे बरामद किए गए। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक ऑल्टो कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान काछार जिले के तीन निवासियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों, बरामद मादक पदार्थों तथा जब्त सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए काछार पुलिस को सौंप दिया गया है।
असम राइफल्स ने कहा कि यह सफल अभियान मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ उसकी प्रतिबद्धता और प्रभावी कार्रवाई का प्रमाण है। असम राइफल्स ने स्पष्ट किया कि वह राज्य पुलिस तथा अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने, संगठित अपराधों को ध्वस्त करने तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाती रहेगी।