उधारबंद, 26 जुलाई: कछार जिले के उधारबंद के पानग्राम स्थित केडी ग्लोबल इंफ्रास्ट्रक्चर रॉड इंडस्ट्री में रविवार को हुए भीषण विस्फोट में तीन मजदूरों और एक लॉरी चालक की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल है। मृतकों की पहचान किरण मुंडा, अप्पू बड़ाइक, श्यामल गौड़ और लॉरी चालक सागर नाथ के रूप में हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने कारखाने के मैनेजर आमिर चांद जहांगीर, सुरक्षा गार्ड समेत चार कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। विस्फोट के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रेट स्तर की जांच के साथ गुवाहाटी से फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। सहायक श्रम आयुक्त का कार्यालय भी कारखाने में सुरक्षा मानकों के पालन की जांच करेगा।
राज्य के मंत्री कौशिक राय ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने प्रत्येक मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने विधायक राजदीप गोयला को मृतकों के परिवारों से मिलकर हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।