बकाया मानदेय और मांगों के समाधान की मांग, 7 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी

शिलचर, 27 जुलाई। सदौ असम आशा कर्मी काछार जिला समिति ने आशा कार्यकर्ताओं की विभिन्न लंबित मांगों और बकाया मानदेय के शीघ्र भुगतान की मांग को लेकर असम के मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। समिति ने राज्य सरकार से आशा कार्यकर्ताओं की सेवाओं को नियमित कर स्थायी कर्मचारी का दर्जा देने तथा प्रत्येक आशा कार्यकर्ता का मासिक वेतन 26,000 रुपये निर्धारित करने की मांग की है।

ज्ञापन में सरकारी पोर्टल पर काम करने के लिए वर्तमान मोबाइल फोन को अनुपयुक्त बताते हुए बेहतर स्मार्टफोन उपलब्ध कराने, पोलियो अभियान का दैनिक भत्ता 75 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये करने तथा मुख्यमंत्री द्वारा घोषित स्कूटी योजना को शीघ्र लागू करने की मांग भी की गई है।

समिति ने सभी लंबित मानदेय का तत्काल भुगतान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि राज्य सरकार सात दिनों के भीतर उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं करती है, तो आशा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण एवं अनिश्चितकालीन जनआंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे। समिति ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक, सहानुभूतिपूर्ण और न्यायसंगत निर्णय लेने की अपील की है।

Leave a Comment