चंद्रशेखर ग्वाला लखीपुर। 23 जुलाई ।
लखीपुर नगर पालिका और कार्यरत ठेकेदार की कथित लापरवाही के कारण शहर के वार्ड संख्या-7 स्थित अमूल्य लेन में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। निर्माणाधीन आरसीसी नाले के ऊपर निकले लोहे के सरियों से गुजरने के दौरान युवक का पैर फिसल गया। खुद को बचाने के प्रयास में उसने पास लगी टिन की बाड़ पकड़ ली, जिससे उसका हाथ बुरी तरह कट गया और मांस बाहर लटक गया। घायल युवक के हाथ में आठ टांके लगाने पड़े, जबकि उसके शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
घायल युवक की पहचान झुनू राय के पुत्र विक्रम राय (राज) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना उस समय हुई, जब वह खुले सरियों वाले निर्माणाधीन नाले को पार कर रहा था। संतुलन बिगड़ने पर वह गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके हाथ में आठ टांके लगाए।
बताया गया कि विक्रम के पिता एक कपड़े की दुकान में कर्मचारी हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के इस युवक के उपचार पर तत्काल लगभग दो हजार रुपये खर्च हो गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अमूल्य लेन में लगभग 4 लाख 56 हजार 918 रुपये की लागत से संकीर्ण आरसीसी नाले का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन नाले का निर्माण सड़क के केवल आधे हिस्से तक ही सीमित है। सड़क के पूर्वी हिस्से की जमीन पर कथित अतिक्रमण होने के कारण नगर पालिका अब तक भूमि खाली नहीं करा सकी है। आरोप है कि ठेकेदार ने नाले के एक तरफ मिट्टी भरकर काम अधूरा छोड़ दिया है, जिससे राहगीरों के लिए खतरा लगातार बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नगर पालिका अतिक्रमण हटाने में पूरी तरह विफल रही है, जबकि निर्माण कार्य भी अधूरा छोड़ दिया गया है। इसी लापरवाही का खामियाजा अब एक गरीब परिवार के इकलौते बेटे को गंभीर रूप से घायल होकर भुगतना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलने पर वार्ड पार्षद अजंता देव घायल युवक की तस्वीर लेकर मौके पर पहुंचीं, लेकिन परिजनों का आरोप है कि उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक या अन्य सहायता नहीं मिली।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद भी नगर पालिका अथवा संबंधित ठेकेदार की ओर से कोई हालचाल लेने नहीं आया। अधूरे निर्माण कार्य के कारण गली के लोगों को रोजाना जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यह रास्ता ही अब आने-जाने का एकमात्र मार्ग है। दूसरी ओर, वन विभाग की भूमि से होकर गुजरने वाले वैकल्पिक रास्ते पर सांपों का खतरा बना रहने से लोग वहां से भी आने-जाने से डरते हैं।
क्षेत्रवासियों ने आशंका जताई कि यदि निर्माण कार्य शीघ्र पूरा नहीं कराया गया और सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं किए गए, तो भविष्य में फिर कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने इस पूरे मामले में राज्य के मंत्री कौशिक राय से हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।