विशेष प्रतिनिधि लखनऊ, 24 जूलाई। महामना शिक्षण संस्थान में भाऊराव दिवस के अवसर पर न्यास समिति के माननीय अध्यक्ष ओम प्रकाश गोयल का आगमन हुआ। इस पावन अवसर पर उनके कर-कमलों से संस्थान परिसर में रुद्राक्ष के पौधे का रोपण किया गया।
इसके पश्चात श्री गोयल ने कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें जीवन में सफलता प्राप्त करने के महत्वपूर्ण सूत्र बताए। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं उनके समक्ष रखीं, जिनका उन्होंने सहजता एवं प्रभावी ढंग से समाधान किया।
संवाद के दौरान उन्होंने अपने तीन पुत्रों और एक पुत्री के जीवन से जुड़े अनुभव साझा करते हुए बताया कि कठिन परिश्रम, अनुशासन, निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर इंजीनियरिंग के क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्पित होकर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में संस्थान के सचिव राजीव तिवारी, विनय तिवारी तथा आंतरिक व्यवस्था से जुड़े नरेंद्र जी, वेंकटेश जी एवं दुर्गेंद्र जी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अंत में विद्यार्थियों के साथ वार्ता एवं विमर्श के पश्चात कार्यक्रम का समापन किया गया।

