बराक घाटी में स्थायी हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर जगी नई उम्मीद

मुख्यमंत्री और गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात के बाद आंदोलनकारी समिति आशान्वित

प्रे.स., शिलचर, 21 जुलाई: बराक घाटी में गुवाहाटी हाईकोर्ट की स्थायी पीठ (बेंच) की स्थापना की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर एक बार फिर नई उम्मीद जगी है। हाईकोर्ट बेंच डिमांड इम्प्लीमेंटेशन कमेटी की कछार जिला शाखा के नेताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा तथा गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के साथ हालिया बैठक के बाद मांग के शीघ्र समाधान को लेकर सकारात्मक संकेत मिलने का दावा किया है।

कमेटी के अध्यक्ष ध्रुव कुमार साहा ने बताया कि 16 जुलाई को प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री तथा गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात की। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री ने संकेत दिया कि राज्य सरकार की ओर से इस मामले में प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और मुख्य न्यायाधीश की स्वीकृति मिलने के बाद शेष प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सकेगी।

ध्रुव कुमार साहा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य न्यायाधीश के साथ लगभग एक घंटे 20 मिनट तक विस्तृत चर्चा की और उन्हें एक विजन डॉक्यूमेंट भी सौंपा। मुख्य न्यायाधीश ने समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए इस विषय को प्रशासनिक समिति के समक्ष रखने का आश्वासन दिया।

समिति की मुख्य मांग बराक घाटी में गुवाहाटी हाईकोर्ट की स्थायी बेंच की स्थापना है। हालांकि, स्थायी बेंच की स्थापना में यदि समय लगता है, तो अंतरिम व्यवस्था के रूप में सर्किट बेंच की स्थापना का भी समिति स्वागत करेगी।

कमेटी के नेताओं ने बताया कि संगठन का गठन जनवरी 2026 में किया गया था और 12 जनवरी को पहली बार ज्ञापन सौंपा गया। अब तक 15 हजार से अधिक लोगों के हस्ताक्षर जुटाए जा चुके हैं। समिति का दावा है कि बराक घाटी के 150 से अधिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और विभिन्न प्रतिष्ठान इस मांग के समर्थन में सामने आए हैं।

अधिवक्ता धर्मानंद देव ने बताया कि प्रस्तावित हाईकोर्ट बेंच के लिए कम से कम 40 एकड़ भूमि के साथ आवश्यक आधारभूत संरचना और अन्य सुविधाओं की जरूरत होगी। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने बरखला के विधायक किशोर नाथ को उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश भी दिया है।

समिति के नेताओं का मानना है कि हालिया बैठकों के बाद बराक घाटी में स्थायी हाईकोर्ट बेंच की लंबे समय से चली आ रही मांग के आंदोलन ने अपने लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाया है।

इस अवसर पर कमेटी के उपाध्यक्ष शांतनु नायक, अधिवक्ता देवमिता चक्रवर्ती, तुहिना शर्मा, ज्योतिर्मय नाथ तथा पूर्व प्राध्यापक डॉ. विभास देव सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Comment