रानू दत्त शिलचर, 19 जुलाई। ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी, शिलचर चैप्टर के तत्वावधान में रविवार को अभयाचरण भट्टाचार्य पाठशाला में स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए एकदिवसीय ग्रीष्मकालीन विज्ञान शिविर एवं विज्ञान कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा, तार्किक दृष्टिकोण तथा प्रयोगात्मक रूप से विज्ञान सीखने के प्रति रुचि विकसित करना था। कार्यशाला के दौरान विभिन्न वैज्ञानिक प्रयोगों, अवलोकनात्मक गतिविधियों और सहभागितापूर्ण शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यशाला का संचालन ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी, शिलचर चैप्टर की संयोजक अनन्या दत्त ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में त्रिपुरा के एमबीबी कॉलेज के गेस्ट फैकल्टी एवं ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी, त्रिपुरा चैप्टर के सचिव तिलक चक्रवर्ती तथा त्रिपुरा विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के वरिष्ठ तकनीकी सहायक एवं ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी, त्रिपुरा चैप्टर के कार्यकारी सदस्य डॉ. प्रणब धर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में शिलचर के नरसिंग उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षक कृषेंदु राय तथा कछार कॉलेज, शिलचर के भौतिकी विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. अजय राय भी मौजूद थे। इसके अलावा शिक्षक मणि दे, देबोजीत आचार्य, मनोज कालवार, रिपन चौधरी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी की ओर से अनन्या दत्त के साथ साबिर अहमद ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यशाला के सुचारु संचालन में स्वयंसेवक के रूप में तुतन दास और स्वरूप मालाकार ने सहयोग किया।
कार्यक्रम में करीब 70 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने भाग लिया। प्रयोगों और गतिविधियों पर आधारित इस कार्यशाला को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के विज्ञान आधारित कार्यक्रमों को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।