सलीम शेख, धुबरी, 17 जुलाई: NEET प्रश्नपत्र लीक होने के बाद पहली परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित की गई थी। लंबे विवाद और आंदोलनों के बीच आखिरकार बीती रात अखिल भारतीय NEET परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया।
इस परिणाम में देशभर के साथ-साथ असम के धुबरी जिले के कुल 12 विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
धुबरी के हावरारपार निवासी एमडी तासीन मुत्ताकी सरकार ने 720 में से 685 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 213 हासिल की और जिले का गौरव बढ़ाया।
वहीं, आर्थिक कठिनाइयों को मात देते हुए अजमल सुपर 40 के छात्र आरियन हुसैन ने 657 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 1020 हासिल की।
गौरीपुर के एक बढ़ई के पुत्र लुत्फर अली ने 592 अंक प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।
धुबरी धर्मशाला के अल रब्बी ने 542 अंक, जबकि तामारहाट क्षेत्र की जन्नत फिरदौसी ने 533 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की।
इसी प्रकार, धुबरी जिले के बिरसिंग क्षेत्र से भी कई विद्यार्थियों ने NEET परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बिरसिंग ग्राम पंचायत के मेहदी हसन ने 574 अंक, सातसिया गांव के फिरदौस अली ने 560 अंक, फकीरगंज के मेधावी छात्र रुबाई अल मुवाब्बस ने 554 अंक, कटलामारी गांव की छात्रा मेहजेबीन अफसिन ने 543 अंक, मो. मुजाहारुल इस्लाम ने 538 अंक, जोसमिनारा परवीन ने 530 अंक, सातसिया गांव की छात्रा आश्रुफा अहमद ने 525 अंक तथा फकीरगंज के छात्र मसूद अहमद ने भी 525 अंक प्राप्त किए।
जानकारी के अनुसार, इन सफल विद्यार्थियों में अधिकांश परीक्षार्थी धुबरी जिले के चर (नदी द्वीप) क्षेत्रों से हैं। इन छात्रों की सफलता ने पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल बना दिया है।


