मार्घेरिटा, 17 जुलाई। प्रेरणा भारती संवाददाता। मार्घेरिटा स्थित लाजूम जगन्नाथ मंदिर से गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में निकाली गई। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे नगर में भगवान के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
रथयात्रा के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की सुसज्जित प्रतिमाओं को भव्य रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ रथ की रस्सियां खींचीं तथा भजन-कीर्तन और जयघोष करते हुए यात्रा में सहभागिता निभाई। नगर भ्रमण के उपरांत भगवान श्री जगन्नाथ को परंपरा के अनुसार उनके मौसी घर (मासी घर) पहुंचाया गया।
सनातन परंपरा में भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि रथयात्रा के दौरान भगवान के रथ नंदीघोष की रस्सी खींचने से भक्तों के पापों का क्षय होता है तथा उन्हें पुण्य और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा से इस पावन आयोजन में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।