प्रतिनिधि हाइलाकांदी, १७ जुलाई: हाइलाकांदी जिले में अवैध बूचड़खानों के संचालन तथा अवैध रूप से गौमांस की बिक्री के खिलाफ जिला पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत अलगापुर पार्ट-१ क्षेत्र में एक अवैध बूचड़खाने पर छापेमारी कर पुलिस ने लगभग ४९ किलोग्राम गौमांस, एक वजन मापने की मशीन तथा पशुओं के वध में प्रयुक्त कई धारदार हथियार बरामद कर जब्त किए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर जिला पुलिस की एक विशेष टीम ने उक्त अवैध बूचड़खाने पर छापा मारा। इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी (बॉर्डर) दिगंत फुकन ने किया। अभियान के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी मुमिन अहमद, अलगापुर थाना प्रभारी (ओसी) राजीव इंगती तथा मोहनपुर पुलिस चौकी प्रभारी (आईसी) बदरुल हक लस्कर भी उपस्थित थे। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन घटनास्थल से बड़ी मात्रा में गौमांस तथा वध में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इस अवैध बूचड़खाने का संचालन मतिउर रहमान लस्कर उर्फ लालन तथा अबुल हुसैन लस्कर द्वारा किया जा रहा था। दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाशी अभियान चला रही है।
बरामद गौमांस वजन मापने की मशीन तथा अन्य सामग्री को जब्त कर पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है। संबंधित कानून के अनुसार नमूने एकत्र करने सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हैलाकांडी जिले में अवैध बूचड़खानों के संचालन तथा अवैध रूप से गौमांस की बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति अवैध रूप से बूचड़खाना संचालित करेगा या गौमांस के अवैध कारोबार में संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।पुलिस की इस लगातार चल रही कार्रवाई से अवैध बूचड़खाना संचालकों और गौमांस के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रचलित कानूनों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।