शिलचर, 17 जुलाई। राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, आधुनिक और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से असम सरकार के मंत्री कौशिक राय ने शुक्रवार को शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएमसीएच) का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं, आधारभूत संरचना, स्वच्छता व्यवस्था, चिकित्सा प्रणाली की गुणवत्ता तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के उपरांत मंत्री ने अस्पताल प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मरीजों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने, आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने, दवाइयों एवं चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा आम नागरिकों की शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में अस्पताल की विभिन्न आधारभूत समस्याओं, उपलब्ध संसाधनों तथा भविष्य में आवश्यक विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की कमी न रहने देने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य डॉ. भास्कर गुप्ता ने बताया कि अस्पताल को और अधिक सक्षम एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से यह समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। उन्होंने कहा कि बैठक में अस्पताल की वर्तमान चिकित्सा सेवाओं, आधारभूत संरचना एवं प्रशासनिक व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की गई। साथ ही लंबे समय से चली आ रही विभिन्न समस्याओं एवं चुनौतियों को भी सरकार के समक्ष रखा गया, ताकि उनके शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
डॉ. गुप्ता ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार के सहयोग से आने वाले समय में शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक आधुनिक, प्रभावी तथा जनहितकारी बनेंगी।
निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक में कछार जिले के जिला आयुक्त राहुल कुमार गुप्ता, पुलिस अधीक्षक संजीव सैकिया, शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य डॉ. भास्कर गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।