फुलेरतल में आज प्रतीक्षा बिनायकिया के प्रथम जन्मदिवस के शुभ अवसर पर एक भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस मानव सेवा के अभियान में कुल 21 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होगा।
इस शिविर का आयोजन समता युवा संघ लखीपुर, मारवाड़ी युवा मंच लखीपुर शिखर एवं मारवाड़ी सम्मेलन लखीपुर के संयुक्त सहयोग से किया गया। शिविर के सफल संचालन में शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
प्रतीक्षा के माता-पिता हेमंत बिनायकिया एवं प्रियंका बिनायकिया ने अपनी पुत्री का प्रथम जन्मदिवस समाज सेवा को समर्पित करते हुए रक्तदान शिविर आयोजित कर एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। उपस्थित सभी अतिथियों एवं रक्तदाताओं ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की।
इसी अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच लखीपुर शिखर का शपथ ग्रहण समारोह भी संपन्न हुआ। समारोह में मंडलीय उपाध्यक्ष श्री हरीश जी काबरा एवं सहायक मंत्री श्री मंदाक्ष जी गुलगुलिया की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए नई कार्यकारिणी ने पदभार ग्रहण किया, जिसमें श्री अमरीश बरड़िया ने अध्यक्ष, श्री गौरव बिनायकिया ने सचिव तथा श्री विशाल भूरा ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ली।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिकों, युवा साथियों एवं रक्तदाताओं ने सहभागिता कर मानव सेवा और सामाजिक एकता का संदेश दिया। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं तथा शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रति आभार व्यक्त किया।